दबंगों का तांडव: तमंचे के बल पर घर में घुसकर युवक की हत्या की धमकी, परिवार को गांव छोड़ने की चेतावनी

वारदात घर में लगे CCTV कैमरों में कैद, पीड़ित ने पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार

बुलंदशहर। शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव जलालपुर करीरा में दबंगों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। यहां देर रात कुछ लोगों ने कथित तौर पर तमंचे के बल पर एक घर में जबरन घुसकर जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों ने पीड़ित परिवार को युवक की हत्या करने और पूरे परिवार को गांव छोड़कर चले जाने की धमकी दी। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

ग्राम निवासी कुलदीप चौधरी ने कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि शुक्रवार रात करीब 9:47 बजे गांव के ही जयदीप, विजयराज, देव और नितिन अपने दो अज्ञात साथियों के साथ उनके घर पहुंचे। दरवाजा खुलते ही आरोपियों ने कमर से तमंचा निकाल लिया और कुलदीप के बुजुर्ग पिता को धक्का देकर जबरन घर में घुस गए।

आरोप है कि आरोपियों ने घर के कमरों में कुलदीप की तलाश की। कुलदीप के घर पर नहीं मिलने से वे नाराज हो गए और घर में मौजूद महिलाओं तथा बुजुर्ग के साथ गाली-गलौज करने लगे। जाते समय आरोपियों ने कुलदीप की हत्या करने और पूरे परिवार को गांव छोड़कर चले जाने की धमकी दी, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए।

पीड़ित कुलदीप चौधरी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पीड़ित के अनुसार, पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।

इस संबंध में सीओ दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

शिकारपुर से रीशू कुमार की रिपोर्ट।