मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा: हरियाणा के हिसार के 6 दोस्तों की कार में जिंदा जलकर दर्दनाक मौत

दीपावली मनाने ननिहाल आए थे अमन और अजय, दोस्तों के साथ हरिद्वार गंगास्नान के लिए निकले थे सभी

IndiaAdTV | संवाददाता

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक भीषण सड़क हादसे में हरियाणा के हिसार निवासी छह दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। सभी दोस्त एक ही कार में सवार होकर हरिद्वार गंगास्नान के लिए जा रहे थे। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद कार में आग लग गई और देखते ही देखते सभी छह युवक आग की चपेट में आ गए।

जानकारी के अनुसार, अमन और अजय दीपावली मनाने के लिए अपने ननिहाल आए हुए थे। इसी दौरान ननिहाल के दोस्तों के साथ रात में हरिद्वार जाकर गंगास्नान करने का कार्यक्रम बना। इसके बाद गांव के ही एक दोस्त की कार लेकर छहों दोस्त हरिद्वार के लिए रवाना हो गए।

बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार से जा रही कार फ्लाईओवर के मोड़ पर अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में जोरदार धमाके के साथ आग लग गई। टक्कर के बाद कार हाईवे की दूसरी ओर जा पलटी और आग ने देखते ही देखते पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

बताया गया है कि कार का सेंट्रल लॉक सिस्टम लॉक होने के कारण युवक बाहर नहीं निकल सके। देखते ही देखते छहों दोस्त कार के भीतर ही जिंदा जल गए और उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

इस हृदयविदारक हादसे की खबर से मृतकों के परिवारों और गांव में मातम पसरा हुआ है। दीपावली की खुशियां मनाने आए परिवारों पर इस हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया।