वृंदावन में अमेरिकी नागरिक का फ्लैट में मिला शव, दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना
मथुरा (उत्तर प्रदेश)। धर्मनगरी वृंदावन में एक विदेशी नागरिक का शव उसके फ्लैट से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 60 वर्षीय जेरार्डो के रूप में हुई है, जो मध्य अमेरिका के देश कोस्टारिका का नागरिक बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, जेरार्डो पिछले करीब दो वर्षों से वृंदावन सिटी में रहकर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति कर रहा था। वह एक फ्लैट में अकेले रहता था। बताया जा रहा है कि फ्लैट से तेज दुर्गंध आने पर आसपास रहने वाले पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट से विदेशी नागरिक का शव बरामद किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विभिन्न जांच इकाइयां मामले की पड़ताल में जुट गई हैं।
फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही जेरार्डो की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
IndiaAdTV | मथुरा