बुलंदशहर संवाददाता (संजय गौड़) की विशेष रिपोर्ट।

छतारी (बुलंदशहर)। थाना छतारी क्षेत्र के प्रमुख कस्बा छतारी में आजाद रोड स्थित दुर्गी टाल नाम से विख्यात प्रतिष्ठान की दो मंजिला इमारत गुरुवार रात्रि लगभग 11:30 बजे अचानक ढह गई। इस दर्दनाक हादसे में चाचा राजेश (25 वर्ष) और उनके भतीजे सचिन (17 वर्ष) की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि राजेश की मां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई और मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।

रात में ही शुरू हुआ राहत एवं बचाव कार्य

इमारत गिरने से उसका मलबा सड़क तक आ पहुंचा, जिससे सड़क पर आवागमन बाधित होने की स्थिति पैदा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल आनन-फानन में मौके पर पहुंचा और उच्च अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। इसके बाद प्रशासनिक बचाव दल को तत्काल घटनास्थल पर बुलाया गया।

एसडीएम शिकारपुर के आदेश पर रात्रि में ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाकर दोनों मृतकों को बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों के शवों को चिकित्सकीय जांच के लिए JN मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ भेज दिया गया। वहीं, सड़क पर फैले मलबे को भी रात्रि में ही हटवाया गया, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु की जा सके।

राजेश की मां की हालत गंभीर

इस हादसे में मृतक राजेश की मां को भी गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए JN मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ ले जाया गया, जहां ऑपरेशन के बाद भी उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिवार पर एक साथ आई इस विपदा से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना अध्यक्ष छतारी, सीओ डिबाई और एसडीएम शिकारपुर सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में राहत एवं बचाव कार्य कराया गया और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए गए।

समाजसेवी आकाश गर्ग ने अपनी टीम के साथ संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय समाजसेवी आकाश गर्ग भी अपनी टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अपने स्तर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराते हुए राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।

हमारे संवाददाता से बातचीत के दौरान आकाश गर्ग ने भावुक होते हुए कहा, "राजेश मेरे भाई जैसा था। उसका इस तरह अचानक दुनिया से चले जाना मुझे भीतर तक आहत कर गया है। मैं इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा हूं। परिजनों को मेरी जहां भी आवश्यकता पड़ेगी, मैं उनकी मदद के लिए तन-मन-धन से सदैव तैयार हूं।"

हादसे के बाद कस्बे में शोक का माहौल

एक ही परिवार के चाचा-भतीजे की असमय मृत्यु से छतारी कस्बे में शोक व्याप्त है। स्थानीय लोग इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त कर रहे हैं। फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

इंडियाAdTV